पंचकूला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 20वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर उन्होंने देशभर के 9.7 करोड़ किसानों के खातों में 20,500 करोड़ ट्रांसफर किए। हरियाणा के 16.77 लाख किसानों को 353 करोड़ की सीधी सहायता मिली।
इस मौके पर पंचकूला में राज्य स्तरीय पीएम-किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह किस्त केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों में जताया गया भरोसा है। यह उनके समर्पण और परिश्रम को सलाम है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना किसानों के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूती देती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के विजन 2047 में किसान, गरीब, महिलाएं और युवा – ये चार स्तंभ हैं।
हरियाणा सरकार केंद्र के इसी दृष्टिकोण के अनुरूप कार्य कर रही है। पीएम-किसान योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को सालाना 6,000 की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना की पारदर्शिता और व्यापकता से नए भारत की पहचान बनाती है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, और इसके साथ-साथ राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, तकनीकी नवाचार अपनाने और जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
