नई दिल्ली/BharatSankalp: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में पत्नी और दो छोटी बेटियों की हत्या के मामले में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस की जांच में आरोपी प्रदीप कश्यप ने कबूल किया कि उसने परिवार के सदस्यों की हत्या करने के बाद खुद को भी खत्म करने की कोशिश की थी।
आरोपी ने बताया कि उसने एक तेज धार वाले हथियार से अपनी कलाई काटने का प्रयास किया, लेकिन अंत में हिम्मत नहीं जुटा पाया और भाग निकला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के हाथ पर कट का निशान पाया गया है, जो उसकी सुसाइड की कोशिश की पुष्टि करता है। वहीं, मृतका जयश्री और दोनों बच्चियों के गले पर गहरे घाव मिले हैं।
रविवार को पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद शवों को परिवार वालों को सौंप दिया गया। परिजन शवों को लेकर बुलंदशहर जिले के डिबाई इलाके में स्थित औरंगाबाद गांव चले गए, जहां शाम को अंतिम संस्कार किया गया।
परिवारिक विवाद और लत का शिकार
जयश्री के भाई चंद्रभान ने आरोप लगाया कि प्रदीप को जुआ और शराब की बुरी आदत थी, जिसकी वजह से वह कर्ज में डूबा हुआ था। जब जयश्री उसे रोकती तो दोनों के बीच झगड़ा हो जाता।
पुलिस की पूछताछ में प्रदीप ने स्वीकार किया कि शादी के बाद से ही उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जो उनके बीच लगातार विवाद का कारण बनता था।
रक्षा बंधन के मौके पर जयश्री अपने मायके बुलंदशहर जाना चाहती थी और प्रदीप से साथ चलने की बात कर रही थी। इसी मुद्दे पर बहस बढ़ गई, जिसके बाद उसने पहले पत्नी और फिर दोनों बेटियों की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद को मारने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा।
पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से और पूछताछ जारी है। यह घटना परिवारिक कलह और नशे की लत के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है।
