केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित ‘उत्तराखंड निवेश उत्सव’ में हिस्सा लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के विकास कार्यों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी कहा था कि छोटे राज्यों का भविष्य उज्ज्वल नहीं होगा, आज वही उत्तराखंड विकास के शिखर पर पहुंच रहा है. शाह ने बताया कि ऑल वेदर रोड परियोजना को मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट तक में बचाया और अब यह लगभग पूरी हो चुकी है, जिससे चारधाम यात्रा सालभर चल सकेगी.
कांग्रेस पर अमित शाह का निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा ,’जब उत्तराखंड के लोग राज्य की मांग के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब कांग्रेस ने आंदोलनकारियों पर लाठियां चलवाईं. उत्तराखंड का गठन भाजपा और प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था.’ उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चेतावनी दी- ‘जब राज्य का भला हो रहा हो तो उसमें हवन में हड्डियां डालना बंद करो, नहीं तो जो बचे-खुचे दिख रहे हो वो भी गायब हो जाओगे.’
ऑल वेदर रोड के मुद्दे पर भी दिया बयान
अमित शाह ने कहा कि जब कुछ एक्टिविस्ट ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट को रोकने की कोशिश कर रहे थे, तब मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपने वकीलों को भेजकर इस परियोजना को रुकने नहीं दिया. नतीजतन यह सड़क परियोजना अब चारधाम तक सफलतापूर्वक पहुंच चुकी है और जल्द ही पूरी तरह चालू हो जाएगी. इससे बारह महीने पर्यटक उत्तराखंड आ सकेंगे.
