मोडासा में आयोजित एक महापंचायत में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों और पशुपालकों के समर्थन में अपनी बात रखी। इस दौरान दोनों नेताओं ने गुजरात की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला।
मोडासा में किसानों और पशुपालकों के समर्थन में आयोजित महापंचायत में अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार और अहंकार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी की सत्ता ने किसानों और पशुपालकों के हितों को नजरअंदाज किया है। केजरीवाल ने कहा, “जनता का गुस्सा ही इस अहंकारी सत्ता को उखाड़ फेंकेगा।”
उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसान अपने हक के लिए बोनस मांगते हैं, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, लेकिन बड़े उद्योगपतियों को ठेके दिलाने के लिए सरकार विदेश तक जाती है।
केजरीवाल ने साबर डेयरी में हुई एक दुखद घटना का जिक्र किया, जहां पशुपालकों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। इस घटना में एक पशुपालक, अशोक चौधरी, की मृत्यु हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अभी तक अशोक चौधरी के परिवार को कोई मुआवजा नहीं दिया। केजरीवाल ने मांग की कि अशोक चौधरी के परिवार को डेयरी और गुजरात सरकार की ओर से एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि हर साल जून में पशुपालकों को बोनस मिलता था, लेकिन इस बार सरकार ने 9.5 फीसद मुनाफे की घोषणा की और अभी तक कोई भुगतान नहीं किया।
पिछले वर्षों में किसानों को 16-18 फीसद बोनस मिलता था, लेकिन इस बार कम बोनस देने का सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने पूछा, “बाकी का पैसा कहां गया? क्या इसे चुनावी रैलियों और ऐशो-आराम के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है?”
